संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने यमन की राजधानी सना और हुदैदा शहर में हौसियों के 11 संयुक्त राष्ट्र कर्मियों को हिरासत में लेने की कड़ी निंदा की है। श्री गुतरश ने उनकी तत्काल और बिना शर्त रिहाई का आह्वान किया है।
इन कर्मियों को विश्व खाद्य कार्यक्रम पर छापेमारी के दौरान हिरासत में लिया गया था। यमन के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत हंस ग्रंडबर्ग ने कहा है कि हौसी 23 अन्य संयुक्त राष्ट्र कर्मियों को वर्ष 2021 से बंधक बनाए हुए हैं। उन्होंने पिछले तीन वर्षों से अमरीकी दूतावास के लगभग 20 यमनी कर्मचारियों को भी हिरासत में रखा है। ये नवीनतम गिरफ्तारियाँ गुरुवार को एक इस्राइली हमले में हौसी प्रधानमंत्री और अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों की हत्या के बाद बढ़े तनाव के बीच हुई हैं।