उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज सुबह नई दिल्ली के भारत मंडपम से हर घर तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राममोहन नायडू किंजारापु, किरेन रिजिजू और मनसुख मांडविया उपस्थित थे। ये रैली मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में खत्म हुई।
एक सभा को संबोधित करते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आजादी का अमृत महोत्सव का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश के हर घर में तिरंगा लहराना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब एक आंदोलन बन गया है, करोड़ों लोग अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहरा रहे हैं। हर घर तिरंगा देश की स्वतंत्रता, गौरव और विकसित भारत के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि तिरंगा देश का गर्व है, जो देश को एक सूत्र में बांधता है।