मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

फ़रवरी 27, 2025 8:11 अपराह्न

printer

दिल्ली विधानसभा में आज शराब नीति पर पेश सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा हुई

दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति, पिछली आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा बनाई गई शराब नीति पर, सदन में रखी गई कैग रिपोर्ट की जांच करेगी। इस रिपोर्ट में शराब नीति से राज्य के खजाने को दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व घाटे की बात कही गई है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने आज सदन में कैग रिपोर्ट को लोक लेखा समिति को भेजे जाने की घोषणा की। यह समिति तीन महीने के अंदर अपनी रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत करेगी। उन्होने कहा कि, विधानसभा सचिवालय को यह भी निर्देश दिया गया है कि रिपोर्ट को जल्द से जल्द दिल्ली के आबकारी विभाग को भेजकर इस मामले में जांच और कार्रवाई की रिपोर्ट एक महीने के अंदर मंगवाया जाये।

इससे पहले आज सुबह विधानसभा की कार्यवाही शुरु होने पर, सदन ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट कर उन्हे श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा श्री गुप्ता ने सफलता पुर्वक महाकुंभ के संपन्न होने पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को का आभार जताया।

दिल्ली विधानसभा में आज शराब नीति पर पेश सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा शुरू करते हुए, मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के नेताओं से दो हजार करोड़ से अधिक के घाटे की वसूली की जानी चाहिए। ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा राय ने कहा कि नई शराब नीति के कारण महिलाओं पर अत्याचार में बढ़ोत्तरी हुई। उन्होने आरोप लगाया कि यह शराब नीति सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार के लिए ही लाई गई थी।

वहीं, भाजपा विधायक जितेंद्र महाजन ने कहा कि शराब नीति के तहत, नई दुकानों को मंदिरों, गुरुद्वारों और स्कूलों के पास भी खोला गया। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी चर्चा के दौरान कहा कि कैग रिपोर्ट में कई तथ्यों का सिलसिलेवार ढंग से खुलासा हुआ है।
वहीं आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा कि सीएजी रिपोर्ट के बहाने, पुर्वव्रती आम आदमी पार्टी सरकार का चरित्र करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि की कैग रिपोर्ट में पुरानी नीतियों की खामियों का भी जिक्र किया गया है।

चर्चा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा विधायक अभय वर्मा ने सदन को बताया कि इस शराब नीति के कारण शराब व्यापारियों का कमीशन बढ़ गया था। भाजपा विधायक अजय महावर, ओपी शर्मा, सूर्यप्रकाश खत्री, हरीश खुराना, करनैल सिंह ने भी नई शराब नीति पर हुए खुलासे पर अपनी बात रखी। मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि सीएजी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व घाटा हुआ।

इससे पहले विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के विधायक सतीश उपाध्याय ने मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के भगत सिंह पार्क में लगाई गई शहीद ए आजम भगत सिंह की मूर्ति के अपमान की ओर सदन का ध्यान आकर्षित करवाया। उन्होने कहा कि पिछले तीन साल से यह मूर्ति खंडित है लेकिन आम आदमी पार्टी सरकार ने इसे ठीक नहीं करवाया। सदन में आज आम आदमी पार्टी के 21 विधायक निलंबित होने के कारण प्रवेश नहीं कर सके। हालांकि आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने विधानसभा की कार्यवाही मे हिस्सा लिया।

इससे पहले विधानसभा में, शून्यकाल के दौरान विशेष उल्लेख के मामले उठाए गए। संगम विहार से भाजपा विधायक चंदन चौधरी ने पेयजल संकट, गंदे पानी और टूटी हुई सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से आग्रह किया कि वह संगम विहार को बदलने में सहयोग करें।
भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने भी मुस्तफाबाद में पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सोनिया विहार, भागीरथी प्लांट के बावजूद इलाके में पेयजल का संकट है। भारतीय जनता पार्टी के आर के पुरम से विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि उनके इलाके की कॉलोनियों में सीवर व्यवस्था जर्जर हो चुकी है।

भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने उनके विधानसभा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले सदन में यह तय हुआ था कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो हजार कैमरे लगेंगे, लेकिन उनके इलाके में केवल 40 कैमरे लगे। इस पर शहरी विकास मंत्री प्रवेश वर्मा ने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द कैमरे लगाए जाएंगे ।

भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुगलों ने इसका मूल नाम बदल दिया था। उन्होंने कहा कि 1857 के विद्रोह के दौरान, राजा नाहर सिंह ने लड़ाई लड़ी और नजफगढ़ क्षेत्र को दिल्ली के क्षेत्र में शामिल किया।

मोती नगर से भाजपा विधायक हरीश खुराना ने पश्चिमी दिल्ली के ट्रंक सीवर लाइन की डीसिल्टिंग का मुद्दा उठाया। घोंडा से भाजपा विधायक अजय महावर ने भी इलाके में सीवर की समस्या उठाई।

सदन में विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रस्ताव रखा है कि मोहन सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष चुना जाए। मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद ध्वनिमत से मोहन सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष चुन लिया गया। बिष्ट के उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद कुलवंत राणा, हरीश खुराना, पूनम शर्मा, करनैल सिंह, शिखा राय, तरविंदर सिंह मारवाह, मनजिंदर सिंह सिरसा, अजय महावर, मनोज शौकीन ने मोहन सिंह बिष्ट को बधाई दी।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

18/05/25 | 8:30 अपराह्न

तिरंगा विजय यात्रा

09/04/25 | 6:14 अपराह्न

पोषण पखवाड़ा 2025

13/03/25 | 6:26 अपराह्न

विश्व किडनी दिवस

09/02/25 | 8:17 अपराह्न

परीक्षा पे चर्चा

08/02/25 | 7:40 अपराह्न

विधानसभा उपचुनाव

02/02/25 | 3:15 अपराह्न

हेरोइन की खेप बरामद

30/01/25 | 9:00 अपराह्न

सर्वदलीय बैठक

30/01/25 | 8:43 अपराह्न

सीबीआई ने ली तलाशी

02/01/25 | 9:04 अपराह्न

शीतलहर का अनुमान

01/01/25 | 7:59 अपराह्न

ऑपरेशन बुलेट राजा

23/11/24 | 4:39 अपराह्न

झारखंड ताज़ा रुझान 

22/09/24 | 9:03 अपराह्न

खेल की दुनिया से….

21/07/24 | 11:28 पूर्वाह्न

आज गुरू पूर्णिमा है