पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में राजनीतिक परिवर्तन अपरिहार्य है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा कि पिछले पचास वर्ष में चुनावी हिंसा की घटनाएं सबसे कम हुई हैं। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल सरकार अवैध घुसपैठियों को प्रोत्साहित कर रही है और जाली दस्तावेज मुहैया कराकर उन्हें बसने में मदद कर रही है। श्री मोदी ने पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान का हवाला देते हुए संसद में आरक्षण विधेयक को रोकने के लिए तृणमूल कांग्रेस की आलोचना भी की। श्री मोदी ने दावा किया कि टीएमसी घुसपैठियों का समर्थन करने और उनके हितों को बढ़ावा देने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विजन के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद सीएए के तहत नागरिकता प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बाद में, प्रधानमंत्री का मथुरापुर में रैलियां और हावड़ा में रोड शो करने का कार्यक्रम है। गृह मंत्री अमित शाह हुगली, बालागढ़ और पुरसुराह में जनसभाएं कर रहे हैं। बाद में, श्री शाह मध्यमग्राम में रोड शो करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खरदाह और काशीपुर-बेलगाछिया में दो रोड शो का नेतृत्व कर रहे हैं।
तृणमूल की ओर से, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चौरंगी और जादवपुर में सभाओं को संबोधित कर रही हैं और भाबानीपुर में एक मार्च में शामिल होंगी। पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी मेतियाब्रुज में प्रचार कर रहे हैं।
सीपीआईएम के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम बल्लीगंज में रोड शो और कोननगर से उत्तरपारा तक मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं। एम.ए. बेबी और वृंदा करात सहित वरिष्ठ नेता जादवपुर में एक रैली में भाग ले रहे हैं।
इस बीच, कांग्रेस, आईएसएफ और अन्य दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं।