अप्रैल 23, 2026 8:37 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल: विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में 16 जिलों के कुल 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इन जिलों में दार्जिलिंग, कलिम्‍पोंग, जलपाईगुडी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, पुरूलिया, बांकुडा, झाडग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पुर्वी मेदिनीपुर शामिल हैं।

कुल 1 हजार 478 उम्‍मीदवार चुनावी मैदान में है। 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से अधिक मतदान केन्‍द्र स्‍थापित किए गये हैं। इनमें से सात हजार 384 मतदान केन्‍द्रों को अत्‍यधिक संवेदनशील माना जा रहा है। इस चरण में तीन करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

निर्वाचन आयोग ने स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए दो लाख 40 हजार से अधिक कर्मियों के साथ दो हजार 407 केन्‍द्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों की कंपनियां तैनात की हैं।  त्‍वरित कार्रवाई दल मतदान केन्‍द्रों के आस-पास तैनात किए गये हैं।

निर्वाचन आयोग ने शिकायत दर्ज कराने के लिए एक समर्पित टोल फ्री नंबर 18003450008 और एक ईमेल आईडी wbfreeandfairpolls@gmail.com शुरू किया है। चुनाव आयोग ने ब्रेल लिपि वाली ईवीएम, रैंप और प्राथमिकता वाली कतारों की व्यवस्था करके मतदाताओं की सुविधा को बढ़ाया है।  पर्यवेक्षकों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।

सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं और मतदाता सहायता प्रदान की जाएगी। मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार के बाहर मतदाताओं के लिए मोबाइल फोन जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।