अप्रैल 23, 2026 7:29 पूर्वाह्न

printer

प. एशिया संकट: होर्मुज जलडमरूमध्य में तनावपूर्ण गतिरोध गहराया

होर्मुज जलडमरूमध्य में तनावपूर्ण गतिरोध पिछले कुछ घंटों में और गहरा गया है। ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी तेज हो गई है, और आसपास के इलाकों में नई घटनाएं सामने आई हैं। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर का कहना है कि उसने घोषित समुद्री निषेध क्षेत्र में “व्यवस्था और सुरक्षा भंग करने” के आरोप में दो मालवाहक जहाजों को जब्त कर लिया है।

समुद्री निगरानी एजेंसियों ने यह भी बताया है कि ओमान के तट के पास एक तीसरे जहाज पर गोलीबारी की गई, जिससे उसके पुल को काफी नुकसान पहुंचा है।

वाशिंगटन में, व्हाइट हाउस ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते की समाप्ति के बावजूद वह अपनी मौजूदा नौसैनिक स्थिति को बनाए रखेगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि व्यापक समझौते पर पहुंचने तक दबाव जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि “तेहरान के साथ सकारात्मक मध्यस्थता प्रयासों” से अगले 72 घंटों के भीतर बातचीत शुरू हो सकती है।  

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने सोशल मीडिया पोस्ट में जवाब देते हुए कहा कि “प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन, नाकाबंदी और धमकियां वास्तविक बातचीत में मुख्य बाधाएं हैं। उन्‍होंने कहा कि ईरान ने संवाद और समझौते का स्वागत किया है और ऐसा करना जारी रखेगा।

इस बीच, समानांतर रूप से राजनयिक गतिविधियां तेज हो रही हैं, क्योंकि लेबनानी और इस्राएली प्रतिनिधि वाशिंगटन में अमरीकी नेतृत्व वाली वार्ता के दूसरे दौर के लिए तैयार हो रहे हैं।

दक्षिणी लेबनान में इस्राएली सैन्य अभियान जारी हैं, जबकि हिज़्बुल्लाह ड्रोन हमलों से ठिकानों को निशाना बनाना जारी रखे हुए है। कल जारी एक नए सरकारी आकलन के अनुसार, हिज़्बुल्लाह के साथ नवीनतम संघर्ष के दौरान लेबनान में पचास हजार से अधिक घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए।