पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले, निर्वाचन आयोग ने मतदाता पंजीकरण के नए आंकड़े जारी किए हैं। मसौदा सूची प्रकाशित होने से लेकर नामांकन बंद होने तक, लगभग पांच लाख नए मतदाता मतदाता सूची में शामिल हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से लगभग सात लाख आवेदन दाखिल किए गए थे, और सत्यापन के बाद, योग्य नामों को सूची में जोड़ दिया गया है। 28 फरवरी को जारी अंतिम सूची में एक लाख 88 हजार दो सौ सात नए मतदाता शामिल किए गए। इसके बाद अगले महीने, पांच लाख नाम और जोड़े गए।
जिला स्तरीय आंकड़ों से पता चलता है कि सबसे अधिक वृद्धि उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली, कोलकाता और पूर्वी मिदनापुर जिलों में देखी गई। अकेले उत्तर 24 परगना में 71 हजार से अधिक नए मतदाता दर्ज किए गए, जबकि कोलकाता में लगभग 44 हजार नए मतदाता जोड़े गए। हालांकि आयोग के आंकड़ों के अनुसार महिला मतदाताओं की संख्या में गिरावट आई है।
वर्तमान में, पश्चिम बंगाल में कुल 6 करोड़ 82 लाख 51 हजार 8 मतदाता हैं। इनमें 3 करोड़ 49 लाख से अधिक पुरुष, 3 करोड़ 33 लाख से कुछ अधिक महिलाएं और तीसरे लिंग वर्ग के अंतर्गत पंजीकृत एक हजार दो सौ 57 मतदाता शामिल हैं। आयोग के सूत्रों का कहना है कि न्यायाधिकरण में लंबित मामलों के निपटारे के बाद यह संख्या और भी बढ़ सकती है।