अप्रैल 13, 2026 6:00 अपराह्न

printer

भारत में खुदरा महंगाई मार्च में बढ़कर 3.4 प्रतिशत, फरवरी में थी 3.21 प्रतिशत

भारत में खुदरा महंगाई दर मार्च में सालाना आधार पर बढ़कर 3.4 प्रतिशत हो गई, जो फरवरी में 3.21 प्रतिशत थी। सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई बढ़कर तीन दशमलव छह-तीन प्रतिशत हो गई, जबकि शहरी इलाकों में यह तीन दशमलव एक-एक प्रतिशत दर्ज की गई।

अखिल भारतीय उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य महंगाई दर मार्च में बढ़कर तीन दशमलव आठ-सात प्रतिशत हो गई, जो उससे एक महीने पहले तीन दशमलव चार-सात प्रतिशत थी।

पूरे भारत के स्‍तर पर जिन वस्तुओं में सबसे ज्यादा महंगाई देखी गई, उनमें सोने-चांदी के आभूषण, नारियल, टमाटर और फूलगोभी शामिल रहे। जिन वस्तुओं में महंगाई सबसे कम रही, उनमें प्याज, आलू, लहसुन, अरहर दाल इत्‍यादि शामिल हैं।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद, देश में महंगाई दर कुल मिलाकर लगभग स्थिर रही और भारतीय रिज़र्व बैंक की अनुमानित सीमा के भीतर बनी हुई है।