इस्राएल ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है। इस्राएल ने उनकी टिप्पणी को अत्यंत आपत्तिजनक बताया और पश्चिम एशिया में जारी तनाव में एक तटस्थ मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया। यह प्रतिक्रिया आसिफ की सोशल मीडिया पर की गई विवादास्पद टिप्पणियों के बाद आई। इसमें उन्होंने इस्राएल की अत्यधिक आलोचना की और भड़काऊ बयान दिए जिनकी व्यापक निंदा की गई।
इस्राएल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी इन बयानों की निंदा करते हुए उन्हें स्पष्ट यहूदी-विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि इजराइल अपनी सुरक्षा के लिए खतरों से खुद का बचाव करना जारी रखेगा। पाकिस्तान को हाल ही में अमरीका और ईरान के बीच दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम में मध्यस्थता करने का श्रेय दिया गया है और आने वाले दिनों में आगे की शांति वार्ता की मेजबानी करने की उम्मीद है। हालांकि, नवीनतम टिप्पणियों ने राजनयिक प्रक्रिया में उसकी भूमिका पर संदेह पैदा कर दिया है। आसिफ ने क्षेत्र में जारी संघर्षों का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस्राएल गजा, ईरान और लेबनान में हिंसा जारी रखे हुए है।