अप्रैल 10, 2026 2:12 अपराह्न

printer

भारत-मॉरिशस ने तेल और गैस आपूर्ति से जुड़े समझौतों को दिया अंतिम रूप

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत, पश्चिम एशिया संकट के बीच मॉरीशस की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए उसके साथ तेल और गैस की आपूर्ति से जुड़े समझौते को अंतिम रूप दे रहा है। डॉ. जयशंकर ने मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुई में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट ने विशेष रूप से ऊर्जा के क्षेत्र में रणनीतिक भागीदारी के महत्व को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि भारत का सार्वजनिक उद्यम देश की पहली तैरने वाली सौर बिजली परियोजना को विकसित कर रहा है।

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और मॉरीशस स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल समाधानों में महत्वपूर्ण और गतिशील भागीदारी साझा करते हैं। उन्होंने बताया कि वे सतत सार्वजनिक परिवहन को मजबूती देने और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए मॉरीशस को ई-बसों की आखिरी खेप सौंपने के इच्छुक हैं।

पिछले वर्ष मार्च में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मॉरीशस यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाकर रणनीतिक भागीदारी तक पहुंचाने पर सहमत हुए थे। डॉ. जयशंकर नौवें हिंद महासागर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मॉरीशस में हैं।