सरकार ने राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर रोज़गार के अवसरों के साथ-साथ युवाओं की रोज़गार क्षमता बढ़ाने के लिए ज़ेप्टो क्विक कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म के साथ साझेदारी की है। श्रम और रोज़गार मंत्रालय ने आज केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया की उपस्थिति में एक समझौता किया। डॉ. मांडविया ने कहा कि एनसीएस प्लेटफ़ॉर्म नियोक्ताओं और नौकरी चाहने वालों के बीच एक सेतु के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि 52 लाख से अधिक पंजीकृत नियोक्ताओं और स्थापना के बाद से लगभग साढे सात करोड़ रिक्तियों के साथ, एनसीएस सभी रोज़गार-संबंधी सेवाओं के लिए वन-स्टॉप समाधान बन गया है। इस समझौते का स्वागत करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा कि यह साझेदारी युवाओं के लिए अवसरों के नए रास्ते खोलेगी। साथ ही ज़ेप्टो को मानव संसाधनों के उपयुक्त प्रतिभा पूल से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगी।
इस सहयोग के अंतर्गत ज़ेप्टो दस हजार नौकरियों प्रदान करेगा। यह साझेदारी औपचारिकता और कौशल उन्नयन के लिए एक सेतु का काम भी करती है, जो गिग वर्कर्स को ई-श्रम पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और भविष्य में रोज़गार और सुरक्षा के अवसरों से जोड़ती है।