अप्रैल 7, 2026 2:32 अपराह्न

printer

विश्व स्वास्थ्य दिवस: पीएम नरेंद्र मोदी ने सेवा और स्वस्थ विश्व के लिए काम करने वालों का आभार जताया

आज विश्व स्वास्थ्य दिवस है। संपूर्ण विश्व में स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है- स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें। इस विषय के अंतर्गत, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने लोगों, पशुओं, पौधों और पृथ्वी के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए वैज्ञानिक सहयोग का जश्न मनाने वाला साल भर चलने वाला  अभियान शुरू किया है। यह अभियान वैज्ञानिक उपलब्धियों और साक्ष्यों को कार्रवाई में बदलने के लिए आवश्यक बहुपक्षीय सहयोग पर प्रकाश डालता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जो दूसरों की सेवा में अथक परिश्रम करते हैं और स्वस्थ विश्व के लिए काम करते हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। उन्होंने सभी से स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने और प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देने के लिए मिलकर काम करते रहने का आह्वान किया।