राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कन्नड़ साहित्य जगत की एक प्रतिष्ठित हस्ती और पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. एस. एल. भैरप्पा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने साहित्य, दर्शन और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. भैरप्पा ने अपने कार्यों के माध्यम से कन्नड़ साहित्य को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक निडर और शाश्वत विचारक के रूप में डॉ. भैरप्पा ने अपने कार्यों से कन्नड़ साहित्य को समृद्ध किया। श्री मोदी ने कहा कि उनके लेखन ने पीढ़ियों को चिंतन करने, प्रश्न करने और समाज के साथ अधिक गहराई से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास और संस्कृति के प्रति उनका अटूट जुनून आने वाली पीढियों को को प्रेरित करता रहेगा।