सितम्बर 23, 2025 8:49 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया है कि राज्य में बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के लिए सभी सरकारी तंत्र युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया है कि राज्य में बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के लिए सभी सरकारी तंत्र युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। आज की कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 31 लाख से ज़्यादा किसानों को 2 हजार 215 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है, जिसमें से एक हजार 829 करोड़ रुपये पहले ही ज़िलों को जारी किए जा चुके हैं और अगले 10 दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में पहुँच जाएँगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नुकसान का आकलन तेज़ी से पूरा किया जा रहा है और बिना किसी देरी के मुआवज़ा वितरित किया जा रहा है। ज़िला कलेक्टरों को जान-माल, पशुधन और घरों के नुकसान के लिए तत्काल राहत प्रदान करने का अधिकार दिया गया है।

    उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की सत्रह टीमें धुले, जलगाँव, सोलापुर, बीड और परभणी सहित कई ज़िलों में बचाव कार्यों में लगी हुई हैं। निकाले गए नागरिकों को भोजन, पानी और आश्रय प्रदान किया जा रहा है।

    श्री फडणवीस ने आगे कहा कि सहायता के लिए केंद्र को एक प्रस्ताव भेजा जाएगा।

    मौसम विभाग द्वारा इस महीने की 27 और 28 तारीख को फिर से मूसलाधार बारिश की आशंका के मद्देनजर, उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री कल बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे।