खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आज विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का दौरा किया। पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन पहली बार नई दिल्ली में हो रहा है, जिसका उद्घाटन 25 सितंबर से होगा। यह चैंपियनशिप 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक चलेगी।
इस प्रतियोगिता का आयोजन भारत की वैश्विक टूर्नामेंटों को इतने बड़े पैमाने पर आयोजित करने की क्षमता में एक नया अध्याय जोडे़गा। इससे अंतरराष्ट्रीय खेलों के केंद्र के रूप में देश की स्थिति और मजबूत होगी।
खेल और युवा मामलों की राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी मांडविया के साथ थीं। उन्होंने यहां अभ्यास के लिए मौजूद खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की।
मांडविया ने स्टेडियम का विस्तृत दौरा किया, जिसमें एक्रिडिटेशन केंद्र, चिकित्सा केंद्र, नया बनाया गया वार्मअप और मुख्य मॉन्डो ट्रैक जैसे क्षेत्र शामिल थे। उन्होंने मॉन्डो ट्रैक का उद्घाटन 29 अगस्त को किया था।
यह ट्रैक चैंपियनशिप के दौरान 100 से अधिक देशों के कुछ बेहतरीन पैरा-एथलीटों की मेजबानी करेगा। इसमें भारत के 73 पैरा खिलाड़ी शीर्ष स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
मांडविया ने निरीक्षण के दौरान कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए एक विश्वसनीय गंतव्य के रूप में उभरा है। वह वसुधैव कुटुंबकम (दुनिया एक परिवार है) पर विश्वास करते हैं। यह हमें दुनिया भर के खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर एक साथ लाने के लिए प्रेरित करता है।