संयुक्त अरब अमीरात की हवाई रक्षा प्रणालियों ने राजधानी क्षेत्र को निशाना बनाकर दागी जा रही ईरानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है। हमलों के दौरान अबू धाबी के कुछ हिस्सों, जिनमें मुसफ्फा औद्योगिक क्षेत्र भी शामिल है, में आग लग गई परन्तु इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
आईसीएडी ज़ोन में एक कंपनी पर छर्रे गिरे, जहां घाना के एक नागरिक को मामूली चोटें आईं। आपातकालीन टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पा लिया। फुजैराह अमीरात में भी ईरान के ड्रोन को नष्ट किया गया। यह संयुक्त अरब अमीरात में ईरानी ड्रोनों द्वारा दूरसंचार बुनियादी ढांचे पर किया गया दूसरा हमला है। 30 मार्च की रात को, शारजाह में एक ड्रोन घटना हुई थी जिसमें अमीरात के मध्य क्षेत्र में स्थित थुरैया टेलीकम्युनिकेशंस कंपनी के प्रशासनिक भवन पर हमला हुआ था।
कुवैत में, हवाई रक्षा प्रणालियाँ ईरान की मिसाइलों और ड्रोन हमलों को रोक रही हैं। संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत, खाड़ी सहयोग परिषद – जीसीसी साझेदारों के साथ मिलकर तनाव कम करने के प्रयास जारी रखे हुए हैं।