अप्रैल 15, 2026 8:10 पूर्वाह्न

printer

छत्तीसगढ़ में बॉयलर विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हुई

छत्तीसगढ़ के सिंघनतराई में बॉयलर विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। यह विस्फोट कल वेदांता लिमिटेड के बिजली संयंत्र में बॉयलर ट्यूब फटने से हुआ। पुलिस के अनुसार बॉयलर से टरबाइन को उच्च दबाव वाली भाप की आपूर्ति करने वाली ट्यूब में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि चार कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई और लगभग 30 घायल हो गए, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। 
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने बिलासपुर मंडल के आयुक्त को इस त्रासदी की जांच करने का आदेश दिया है। जिला प्रशासन ने दुर्घटना की अलग से मजिस्ट्रेट जांच का भी आदेश दिया है।