केन्द्रीय आवसन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि सरकार अगले चार वर्षों में शहरी चुनौती कोष के अंतर्गत शहरों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी। नई दिल्ली में कल आवास और शहरी विकास लिमिटेड (हुडको) के 56वें स्थापना दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकारें इसी दिशा में अलग से एक लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी। श्री मनोहर लाल ने कहा कि शहरी चुनौती कोष को हाल में स्वीकृति मिली थी और इसकी कुल केन्द्रीय सहायता एक लाख करोड़ रुपये है।
आवासन मंत्री ने कहा कि हुडको अपने स्थापना के बाद से लगातार विकास कर रहा है और शहरी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि परिहवन केन्द्रित विकास निति के अंतर्गत राष्ट्रीय राजधानी में मेट्रो स्टेशनों के आसपास के इलाकों में बड़ी आवासीय परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस निति से नागरिकों के लिए मेट्रो से सीधे जुड़ने में मदद मिलेगी। श्री मनोहर लाल ने इस बात पर जोर दिया कि देश में अगले बीस वर्ष के दौरान शहरी विकास पर करीब सत्तर लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।
हुड़को, आवासन और शहरी कार्य मत्रालय के अंतर्गत केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम की नवरत्न कम्पनी है। इसके स्थापना दिवस कार्यक्रम में आवासन और शहरी विकास कार्य राज्य मंत्री तोखन शाहू भी उपस्थित थे।