अप्रैल 26, 2026 6:41 पूर्वाह्न

printer

नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की

सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन किया है। अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी का स्थान लेंगे। सरकार ने राजीव गौबा, प्रोफेसर के. वी. राजू, प्रोफेसर गोबर्धन दास, डॉ. एम. श्रीनिवास और प्रोफेसर अभय करांदिकर को नीति आयोग का पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया है।
 
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि नीति आयोग भारत की नीति-निर्माण संरचना में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है। इससे, सहकारी संघवाद को बढ़ावा मिलता है, सुधार आगे बढ़ाये जाते हैं और जीवन-यापन आसान होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नीति आयोग विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और दीर्घकालिक रणनीतिक सोच के लिए एक गतिशील मंच के रूप में कार्य करता है।
 
नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने कल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान, श्री मोदी ने श्री लाहिड़ी को उनकी नियुक्ति पर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अर्थशास्त्र और लोक नीति में श्री लाहिड़ी का व्यापक अनुभव भारत के सुधार और विकसित भारत बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री लाहिड़ी के प्रयासों से देश में नीति निर्माण को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने नीति आयोग के नवनियुक्त पूर्णकालिक सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं।