अप्रैल 26, 2026 8:16 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार में जुटे राजनीतिक दलों के नेता

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार तेज हो गया है और विभिन्‍न राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारक रैलियों, रोड-शो और जनसभाओं के माध्‍यम से मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में लुभाने का प्रयास कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज पश्चिम बंगाल में कई जनसभाएं और रोड-शो करेंगे। श्री मोदी दिन में डेढ़ बजे ठाकुर नगर में जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे और बाद में मतुआ ठाकुर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। श्री मोदी हरिपाल में भी एक जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे। उनका शाम में थंथानिया कालीबाड़ी मंदिर में पूजा करने का भी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री आज कोलकाता में शाम साढ़े पांच बजे से बी. के. पाल एवेन्‍यु से खन्‍ना क्रॉसिंग तक रोड-शो कार्यक्रम में शामिल होंगे।

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी का भी आज कई रैली करने का कार्यक्रम है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे मगरहाट में जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे और दक्षिण-24 परगना जिले के फालता में रोड-शो में शमिल होंगे।

मॉर्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी, कांग्रेस और आई.एस.एफ. भी आज राज्‍य में कई रैलियां और रोड-शो करेंगे।

कल, भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व वर्धमान में जमालपुर में कहा कि सत्‍ता में आने पर भारतीय जनता पार्टी राज्‍य में समान नागरिक संहिता और सातवां वेतन आयोग लागू करेगी तथा महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्‍होंने बाद में हावड़ा के श्‍यामपुर में एक रैली को सम्‍बोधित किया और रामराजतल्‍ला तथा टॉलीगंज में रोड-शो में हिस्‍सा लिया।

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने भी हुगली में गोघाट और आरामबाग में रैली को सम्‍बोधित किया। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को तीन हजार रुपये प्रतिमाह वित्‍तीय सहायता दी जाएगी। उन्‍होंने सरकार में रिक्‍त पदों को भरने का भी वायदा किया।

भाजपा के नेता जे.पी. नड्डा ने रायना में प्रचार किया। पार्टी के नेता योगी आदित्‍यनाथ ने भी उत्‍तर-24 परगना में बागदा में रैली को सम्‍बोधित किया। असम के मुख्‍यमंत्री हेमंता बिस्‍वा सरमा ने भी आरामबाग में रोड-शो में हिस्‍सा लिया।

भाजपा अध्‍यक्ष नितिन नवीन भी बारानगर में एक रोड-शो में शामिल हुए।

दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस अध्‍यक्ष ममता बनर्जी ने उत्‍तरपाडा में सभा को सम्‍बोधित किया। उन्‍होंने कहा कि उन्‍होंने सर्वोच्‍च न्‍यायालय में मतदाताओं के लिये संघर्ष किया और मतदाता सूची से हटाए गए 32 लाख लोगों के नाम जुड़वाए। उन्‍होंने बाद में भवानीपुर में पदयात्रा और बिराती में रोड-शो में हिस्‍सा लिया।

पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी ने बशीरहाट में आरोप लगाया कि केन्‍द्र ने राज्‍य के विकास के लिए दी जाने वाली राशि रोक ली है।

इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सेरामपुर, मेतियाबुर्ज और शाहिदमिनार में बैठकों को सम्‍बोधित किया। जहां उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की।