अप्रैल 26, 2026 8:18 पूर्वाह्न

printer

देश भर में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग 99% तक बढ़ी, ओटीपी आधारित डिलीवरी 94.5% से अधिक हुई

सरकार ने देश भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है और किसी भी एलपीजी वितरक केंद्र पर आपूर्ति में कमी की सूचना नहीं मिली है। देश भर में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग करीब 99 प्रतिशत तक बढ़ गई है और ओटीपी आधारित डिलीवरी 94.5 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मार्च 2026 से अब तक 5.36 लाख से अधिक पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं और 2.61 लाख अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है, जिससे कनेक्शनों की कुल संख्या बढ़कर 7.97 लाख हो जाएगी। इसके अलावा लगभग छह लाख ग्राहकों ने नए पीएनजी कनेक्शनों के लिए पंजीकरण कराया है। कल तक 42 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन वापस कर दिए हैं। सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं। वहीं, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बना हुआ है। देश भर में खुदरा दुकानें सामान्य रूप से चल रही हैं।

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। इस बीच, विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर लगातार नजर रख हुए है और क्षेत्र में भारतीय समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दे रहा है। 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से करीब 12.65 लाख लोग वापस आ चुके हैं। ईरान का हवाई क्षेत्र मालवाहक और चार्टर्ड उड़ानों के लिए आंशिक रूप से खुला है। भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है और पहले से मौजूद लोगों को भारतीय दूतावास के सहयोग से जमीनी सीमा मार्गों से वहां से निकल जाने की अपील की गई है। अब तक तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने जमीनी सीमा मार्गों से 2,443 भारतीय नागरिकों को ईरान से बाहर निकालने में सहायता की है।