केंद्र सरकार उपभोक्ताओं के लिए सामर्थ्य सुनिश्चित करने तथा स्थिर मूल्य बनाए रखने के लिए आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों और उपलब्धता पर बारीकी से नज़र रख रही है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने आवश्यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता और सामर्थ्य सुनिश्चित करने के लिए घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित करने जैसे कई उपाय किए हैं।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वित्तीय वर्ष में दालों और प्याज का उत्पादन बढ़ने का अनुमान है। उसने बताया कि अरहर का उत्पादन 35 लाख मीट्रिक टन से अधिक होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 34 लाख मीट्रिक टन उत्पादन से 2 दशमलव 5 प्रतिशत अधिक है।
मूंग का उत्पादन पिछले वर्ष के 11 दशमलव पांच-चार लाख मीट्रिक टन उत्पादन की तुलना में 13 दशमलव आठ-तीन लाख मीट्रिक टन होने का अनुमान है। मंत्रालय ने बताया कि अधिक बुवाई के कारण खरीफ प्याज का उत्पादन अच्छा होने का अनुमान है।
इसी तरह, रबी प्याज की बुवाई अच्छी चल रही है। अनुकूल जलवायु परिस्थितियों के कारण आलू की बुवाई भी अच्छी चल रही है।