तमिलनाडु में आज नई विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। आज एक ही चरण में सभी 234 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। 5 करोड़ 73 लाख से अधिक मतदाता मैदान में उतरे 4 हजार 23 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने कहा कि राज्य में सुचारू, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा व्यापक, बहुस्तरीय और विस्तृत व्यवस्था की गई है। मतदाताओं की भागीदारी को सुगम बनाने और उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में 75 हजार से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगभग 84 हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था को काफी मजबूत की गई है। इसके अलावा, मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सीआरपीएफ कर्मियों सहित सीएपीएफ की 300 कंपनियों को संवेदनशील और असुरक्षित क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
आचार संहिता के उल्लंघन की जाँच करने और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए हवाई दस्ते, निगरानी दल और स्थाई निगरानी इकाइयाँ सक्रिय रूप से तैनात की गई हैं और जिलों में लगातार काम कर रही हैं।
मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी, और मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है ताकि वे मतदान परिसर में प्रवेश करने से पहले अपने उपकरण सुरक्षित रूप से जमा कर सकें।
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरलम और पुद्दुचेरी के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।