सरकार ने आज कहा कि देशभर की खदानों और बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर आयोजित अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार कस्सी ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर कोयले की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है और कोयले का पर्याप्त भंडार बनाए रखा गया है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देशभर में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और सामान्य आपूर्ति जारी है। उन्होंने आगे कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी गई ताकि हर घर में शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति को विनियमित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पीएनजी कनेक्शनों का विस्तार किया है और व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति को भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया है।
इस बीच, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने अमरीका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय को उम्मीद है कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी और होर्मुज जलडमरूमध्य से निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार का प्रवाह जारी रहेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत शांति और स्थिरता की दिशा में उठाए गए सभी कदमों का स्वागत करता है और आशा व्यक्त की कि पश्चिम एशिया में हुए इस घटनाक्रम से यूक्रेन में शांति प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि देश भर में बंदरगाहों का संचालन सामान्य है और कहीं भी भीड़भाड़ की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने 700 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है और समुद्री संचालन को निर्बाध बनाए रखने के लिए समन्वय जारी है।
News On AIR | अप्रैल 8, 2026 6:04 अपराह्न | sufficient coal
सरकार ने देश भर की खदानों और बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार होने की पुष्टि की