अप्रैल 8, 2026 4:15 अपराह्न | Solar power generation capacity

printer

देश में सौर ऊर्जा की उत्‍पादन क्षमता 150 गीगावाट के पार

देश ने पिछले वित्त वर्ष में गैर-जीवाश्म ईंधन से 55 गीगावाट से अधिक का उत्‍पादन किया है। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को वर्ष 2025-26 में नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि देश में अब तक गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से कुल 283 गीगावाट से अधिक का उत्‍पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के उत्‍पादन के मामले में भारत वैश्विक स्तर पर तीसरे स्थान पर है।
उन्‍होंने बताया कि देश ने सौर ऊर्जा की उत्‍पादन क्षमता में 150 गीगावाट का आंकड़ा भी पार कर लिया है। श्री जोशी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले वित्त वर्ष में लगभग 45 गीगावाट की अब तक की सबसे अधिक वार्षिक सौर क्षमता वृद्धि दर्ज की गई, जो वर्ष 2024-25 के लगभग 23 गीगावाट के पिछले रिकॉर्ड से लगभग दोगुनी है। उन्‍होंने कहा कि भारत ने पिछले साल जून में गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से अपनी कुल विद्युत क्षमता का 50 प्रतिशत हासिल कर लिया है, जो वर्ष 2030 के लक्ष्य से पांच साल पहले है।