पुडुचेरी में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर ईवीएम पहुंच चुकी हैं। मतदान सुचारू रूप से हो, इसके लिए बूथ स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
केंद्र शासित प्रदेश के छह वितरण केंद्रों से आज सुबह भेजी गई ईवीएम और वीवीपैट दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचनी शुरू हो गई हैं। सशस्त्र पुलिस कर्मियों की सुरक्षा में बसों द्वारा ईवीएम और वीवीपैट को संबंधित मतदान केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है। मतदान कर्मी अपने-अपने बूथों पर पहुंच चुके हैं और मतदान कक्ष स्थापित करने, मशीनों का सत्यापन करने और वैधानिक औपचारिकताओं को पूरा करने में लगे हुए हैं।
सभी मतदान केंद्रों को वेबकास्टिंग सुविधा और पीने का पानी, शौचालय, रैंप, व्हीलचेयर, बिजली, चिकित्सा किट और अस्थायी आश्रय जैसी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। चुनाव तंत्र हाई अलर्ट पर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने और पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुचारू, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आरक्षित ईवीएम तैयार रखी गई हैं।