लाइव इवेंट्स डेवलपमेंट सेल-एलईडीसी की चौथी बैठक नई दिल्ली में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 9 केंद्रीय मंत्रालयों, 6 राज्यों और 12 उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने भारत के लाइव इवेंट उद्योग के विकास के लिए एक समन्वित रोडमैप तैयार करने में एलईडीसी की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लाइव इवेंट क्षेत्र मीडिया और मनोरंजन उद्योग के सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। यह रोजगार सृजन, पर्यटन संवर्धन और संबद्ध क्षेत्रों में आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि लाइव इवेंट के आयोजन की प्रक्रियाओं को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
लाइव इवेंट्स सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पिछले वर्ष जुलाई में एलईडीसी की स्थापना की थी। एलईडीसी का लक्ष्य कॉन्सर्ट अर्थव्यवस्था को राष्ट्रीय विकास के प्रमुख चालकों में से एक के रूप में स्थापित करना है जिससे भारत 2030 तक लाइव इवेंट्स का वैश्विक केंद्र बन सके और 15-20 मिलियन अतिरिक्त रोजगार सृजित हो सकें। मंत्रालय ने बल दिया कि इस क्षेत्र के वर्ष 2028 तक 10 प्रतिशत की दर से बढ़कर एक सौ 96 अरब रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।