भारत ने कल नई दिल्ली में जूनियर विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम जूनियर स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि इटली ने स्कीट प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण पदक जीते। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता का समापन हुआ और भारत पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।
कपिल और रश्मिका सहगल ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा के फाइनल में अपने ही देश के जोनाथन गेविन एंटनी और वंशिका चौधरी को 16-10 से हराकर भारत को प्रतियोगिता का तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया। बाद में, इटली के मार्को कोको और एरियाना नेम्बर ने जूनियर पुरुष और महिला स्कीट फाइनल में शीर्ष स्थान हासिल किया।
मिक्स्ड टीम पिस्टल स्पर्धा में स्पेन के इनेस कास्त्रो ओर्टेगा और लुकास सांचेज़ टोम ने मिक्स्ड एयर पिस्टल में ईरान के परिमाह अमीरी और मोहम्मदरेज़ा अहमदी को 16-14 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।
स्कीट में इटली के मार्को कोको ने अपने क्वालीफिकेशन फॉर्म (122) को जूनियर पुरुष वर्ग के फाइनल में भी बरकरार रखा और 60 निशानो में से 56 सटीक निशाने लगाकर स्वर्ण पदक जीता। फिनलैंड के लस्सी अक्सेली मटियास कौपिनेन ने 53 सटीक निशानों के साथ रजत पदक जीता, जबकि साइप्रस के एंड्रियास पोंटिकिस ने 43 सटीक निशानों के साथ कांस्य पदक जीता।
भारत के हरमेहर सिंह लाली चौथे और अतुल सिंह राजावत पाँचवें स्थान पर रहे, जबकि नीदरलैंड के रयान कूइजमैन छठे स्थान पर रहे।
महिलाओं के स्कीट फाइनल में, विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता इटली की एरियाना नेम्बर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।