राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि उस जघन्य कृत्य में निर्दोष लोगों की जान जाने का दुखद दृश्य हमारी स्मृति में अंकित है। राष्ट्रपति ने कहा कि देश आतंकवाद को उसके सभी रूपों में पराजित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि पूरा देश उनके साथ है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि उस जघन्य और कायरतापूर्ण आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों की यादें देश की सामूहिक स्मृति में हमेशा अंकित रहेंगी। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को हमेशा याद रखा जाएगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत उनके परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है, जिनका दुख अपार है। उन्होंने कहा कि इस तरह की क्रूरता देश के शांति, एकता और मानवता के चिरस्थायी मूल्यों को बनाए रखने के संकल्प को कभी नहीं डिगा सकती। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने के अपने संकल्प पर अडिग है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। पिछले साल इसी दिन हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को कभी नहीं भुलाया जाएगा। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि भारत शोक और दृढ़ संकल्प में एकजुट है। उन्होंने कहा कि इस क्षति से उबरने में मदद कर रहे शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने भी पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री ने कहा है कि देश ने दशकों तक सीमा पार आतंकवाद का सामना किया है,लेकिन आज हमारी प्रतिक्रिया दृढ़, निर्णायक और अडिग है। जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र उनके प्रियजनों और परिवारों के असहनीय दर्द की घड़ी में उनके साथ है। सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने दृढ़ कार्रवाई से यह प्रदर्शित किया है कि देश के लोगों को नुकसान पहुंचाने या उसकी एकता को भंग करने के किसी भी प्रयास का दृढ़ता और स्पष्टता से सामना किया जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लोगों को खोने का दुख और दर्द आज भी हर भारतीय के दिल में ताजा है। श्री शाह ने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और नागरिकों से इसके खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया। गृह मंत्री ने कहा कि देश आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति जारी रखेगा।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत आतंकवाद के हर रूप और अभिव्यक्ति का मुकाबला करने के अपने संकल्प पर अडिग है। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने सभी से पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को याद करने में राष्ट्र के साथ शामिल होने का आग्रह किया।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने कहा कि यह तकलीफ हर भारतीय के दिल में है और आतंकवाद के खिलाफ देश का संकल्प अडिग है। श्री वैष्णव ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी शून्य सहिष्णुता नीति पर दृढ़ है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक बयान में उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। श्री सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर की धरती से आतंकवाद को जड़ से मिटाने की अपनी अटूट प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आतंकवाद और हिंसा से लड़ने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि ऐसी घटना दोबारा कभी न हो। उन्होंने कहा कि हम उन परिवारों के साथ भी अपनी अटूट संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने एक साल पहले उस कायरतापूर्ण हमले में अपने प्रियजनों को खो दिया।