सितम्बर 14, 2025 2:15 अपराह्न

printer

गृहमंत्री अमित शाह ने हिंदी को आसान बनाने और क्षेत्रीय भाषाओं के सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने की अपील की

गृहमंत्री अमित शाह ने हिंदी को और आसान बनाने तथा इसके साथ क्षेत्रीय भाषाओं के सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने की अपील की है। आज गुजरात में गांधीनगर में, हिंदी दिवस और पाँचवें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में गृहमंत्री शाह ने लोगों से मातृभाषा का सम्मान करते हुए हिंदी का समर्थन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिंदी को और अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सारथी मंच और हिंदी शब्द सिंधु कोश की शुरूआत की है। गृहमंत्री शाह ने कहा कि हिंदी को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, न्याय और पुलिस की भाषा भी बनना होगा।

 

गृहमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि 2029 तक हिंदी शब्द सिंधु कोष दुनिया का सबसे बड़ा विश्वकोश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि गुजरात ने हिंदी के साथ-साथ स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देकर एक प्रेरणादायक उदाहरण स्थापित किया है। गृहमंत्री ने अभिभावकों से घर पर मातृभाषा के उपयोग की अपील भी की।

 

इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भाषा सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी माध्यम है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन पर बल दिया। मुख्यमंत्री पटेल ने युवाओं से स्थानीय भाषाओं का सक्रिय रूप से उपयोग करने का आग्रह भी किया।

 

सम्मेलन में केंद्र सरकार के सात हजार से अधिक अधिकारी भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं के बीच सामंजस्य बढ़ाना है।