अप्रैल 16, 2026 6:40 पूर्वाह्न

printer

संसद के विस्‍तारित बजट सत्र का तीन दिवसीय विशेष अधिवेशन आज से होगा शुरू

संसद के विस्‍तारित बजट सत्र का तीन दिन का विशेष अधिवेशन आज से शुरू हो रहा है। यह सत्र 18 अप्रैल तक चलेगा। इस सत्र में खासतौर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधनों पर ध्‍यान केंद्रित किया जाएगा। इस अधिनियम पर अमल के लिए सरकार तीन संशोधन विधेयक पेश करेगी।

लोकसभा और राज्‍य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के लिए इस अधिनियम को 2023 में पारित किया गया था। परिसीमन विधेयक में लोकसभा में राज्यों के लिए सीटों के आवंटन, प्रत्येक राज्य में विधानसभा सीटों की कुल संख्या और लोकसभा तथा विधानसभा वाले प्रत्येक राज्य को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में विभाजित करने का प्रावधान है।

कांग्रेस अध्‍यक्ष और राज्‍य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्षी दल महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में हैं। लेकिन उन्हें विधेयक लाए जाने के तरीकों को लेकर आशंकाएं हैं। श्री खरगे ने इंडिया ब्‍लॉक की बैठक के बाद नई दिल्‍ली में कहा कि यह विधेयक राजनीति से प्रेरित है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि विपक्षी दल परिसीमन के प्रावधानों के खिलाफ़ हैं। उन्‍होंने कहा कि वे लोकसभा और राज्‍यसभा की बहस में इसका विरोध करेंगे।