प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक, इसरो के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य, डॉ के कस्तूरीरंगन की आज बेंगलुरु में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। पिछले शुक्रवार को बेंगलुरु में उनके आवास पर उनका निधन हो गया था। रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट में कई गणमान्य लोगों ने दिवंगत वैज्ञानिक को श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल थावरचंद गहलोत, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, इसरो के अध्यक्ष डॉ वी नारायणन, उन गणमान्य लोगों में शामिल थे जिन्होंने बेंगलुरु के रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित एक भव्य समारोह में पुष्पांजलि अर्पित की।
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, धर्मेंद्र प्रधान ने डॉ कस्तूरीरंगन के साथ अपनी बातचीत को याद किया जब उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के निर्माण के लिए व्यापक विचार-विमर्श किया था। उन्होंने कहा कि डॉ कस्तूरीरंगन को मुद्दों की गहरी समझ थी और वे समग्र दृष्टिकोण वाले विद्वान थे।