पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। पहले चरण के मतदान से पहले राजनीतिक दल राज्य भर में जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा आज उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार करेंगे। वे कलिम्पोंग के गोरुबथान और कूच बिहार के दिन्हाटा तथा सीताई में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार भी मयूरेश्वर, दुबराजपुर, सैंथिया और दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।
दूसरी ओर, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तृणमूल कांग्रेस के लिए बांकुरा, पुरुलिया, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर सहित कई आदिवासी बहुल जिलों में प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हावड़ा के उलुबेरिया और दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर, भांगर और सोनारपुर में जनसभाओं को संबोधित करेंगी। वे हावड़ा में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में पदयात्रा में भी भाग लेंगी।
इस बीच, तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन मुर्शिदाबाद और मालदा जिलों में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे।
सीपीआईएम के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम आज मालदा में पार्टी कार्यक्रमों के लिए मौजूद रहेंगे, वहीं वामपंथी नेता और कार्यकर्ता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियां और सभाएं कर रहे हैं।