मेघालय के राज्यपाल सी. एच. विजयशंकर ने आज शिलांग स्थित लोक भवन में जनगणना पोर्टल पर स्व-गणना अभियान का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया।
राज्यपाल ने पोर्टल पर प्रथम चरण की पहली प्रक्रिया, यानी स्व-गणना चरण के लिए आवश्यक विवरण उपलब्ध कराए।
जनगणना संचालन निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यपाल को जनगणना अभ्यास की तैयारियों और प्रगति के बारे में जानकारी दी। यह पूरी तरह से डिजिटल होने वाली पहली जनगणना प्रक्रिया होगी।
यह प्रक्रिया नागरिकों के लिए 15 मई तक चलेगी। व्यक्ति अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे, जिसका सत्यापन जनगणना कर्मी घर-घर जाकर करेंगे।
प्रथम चरण में स्व-गणना और गृह सूचीकरण अभियान-एचएलओ शामिल हैं। एचएलओ अभियान 16 मई से 14 जून तक चलेगा। इस अवधि के दौरान जनगणना कर्मी 33 प्रश्नों वाली एक संरचित प्रश्नावली के माध्यम से आवास की स्थिति, संपत्ति और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित डेटा एकत्र करेंगे। दूसरे चरण की जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में होगी। इसके लिए संदर्भ तिथि पहली मार्च, 2027 निर्धारित की गई है।