मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। यह हादसा कल शाम खमारिया द्वीप के पास बरगी नदी में हुआ, जब 39 यात्रियों को ले जा रही एक नाव अचानक आए भयंकर तूफान और तेज लहरों की चपेट में आकर डूब गई। 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 पर्यटक लापता हैं।
लगभग 20 फीट की गहराई में डूबी क्रूज नाव को सफलतापूर्वक किनारे पर लाया गया है।
एसडीआरएफ, पुलिस और होम गार्ड की टीमें संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान में लगी हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव, संभागीय आयुक्त, कलेक्टर और एसपी सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।