अप्रैल 9, 2026 6:52 अपराह्न | Bangladesh

printer

भारत से बांग्लादेश 200 ब्रॉड-गेज रेलवे कोच खरीदेगा

बांग्लादेश के रेल मंत्री शेख रबीउल आलम ने आज संसद में बताया कि बांग्लादेश भारत से 200 ब्रॉड-गेज रेलवे कोच खरीदेगा। इन कोचों की आपूर्ति इस साल शुरू होकर दिसंबर 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना को यूरोपीय निवेश बैंक की मदद से पूरा किया जा रहा है और जून 2026 से ये कोच रेलवे में शामिल होने लगेंगे। सरकार रेलवे को आधुनिक बनाने के लिए और निवेश की योजना भी बना रही है। इसके अंतर्गत 260 और यात्री कोच, 46 ब्रॉड-गेज इंजन और 50 मीटर-गेज इंजन खरीदने का प्रस्ताव है।
मंत्री ने बताया कि नए कोच आने से ट्रेन सेवाएं बढ़ेंगी और नए रूट शुरू करने की योजना है। विशेष रूप से ढाका को उत्तरी जिलों से जोड़ने वाले मार्गों पर, जहां वर्तमान में 15 अंतर-शहरी ट्रेनें चलती हैं। रेल नेटवर्क का संक्षिप्त विवरण देते हुए मंत्री ने कहा कि बांग्लादेश में वर्तमान में मीटर गेज, ब्रॉड गेज और ड्यूल गेज लाइनों सहित 3 हजार 4 सौ 28 दशमलव 09 किलोमीटर रेलवे ट्रैक हैं। उन्होंने कहा कि मांग और व्यवहार्यता के आधार पर नई परियोजनाओं के माध्यम से नेटवर्क का विस्तार करने के प्रयास जारी हैं।