अप्रैल 25, 2026 2:14 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण के चुनाव प्रचार में तेजी, रोड शो और रैलियों का दौर जारी

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार ज़ोरों पर है इस चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज बारानगर में एक रोड शो किया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि राज्य अपनी पुरानी शान वापस पाने और डर की राजनीति को पूरी तरह से नकारने के लिए तैयार है। 
 
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल नेता पर भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए उन पर तीखा हमला बोला। 
 
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भाजपा के चुनावी प्रदर्शन पर पूरा भरोसा जताया। एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा असम और पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत हासिल करने की राह पर है। 
 
तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण में पार्टी ने ज़बरदस्त प्रदर्शन किया है और तृणमूल राज्य में सत्ता में बनी रहेगी। 
 
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और अखिलेश प्रसाद ने दावा किया कि विधानसभा चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने में कांग्रेस अहम भूमिका निभाएगी। कांग्रेस 20 साल बाद पश्चिम बंगाल में बिना किसी गठबंधन के अकेले चुनाव लड़ रही है। 
 
भाजपा के बड़े नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वी बर्दवान और हावड़ा में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं, बाद में वे हावड़ा और दक्षिण कोलकाता में रोडशो करेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा पूर्वी बर्दवान और नदिया में रोडशो कर रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नबद्वीप पहुँच चुके हैं।
 
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी हुगली, दमदम, भवानीपुर और बेहाला में प्रचार कर रही हैं। पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और मानिकतला में रैलियाँ कर रहे हैं।
 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज श्रीरामपुर, कोलकाता के शहीद मीनार और मेटियाब्रुज में तीन रैलियों को संबोधित कर रहे हैं सीपीआईएम के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम और वरिष्ठ नेता असीम दासगुप्ता हावड़ा, पानीहाटी और खरदह में रोडशो और रैलियों कर रहे हैं। आईएसएफ के नेता नौशाद सिद्दीकी कैनिंग, हारोआ, दत्तापुकुर और कई अन्य सीटों पर प्रचार कर रहे हैं।