तमिलनाडु में मतदान में अब सिर्फ दो दिन शेष हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने बताया कि 23 अप्रैल को एक ही चरण में होने वाले मतदान में कुल 5 करोड़ 73 लाख 43 हजार 291 मतदाता 234 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि कुल 75 हजार 64 मतदान केंद्र मतदान के लिए तैयार हैं। मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। सरकारी प्रतिष्ठानों और अन्य नियमित सरकारी कर्मचारियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश दिया गया है। सुश्री पटनायक ने कहा कि सूक्ष्म पर्यवेक्षक मतदान की तैयारियों की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव के लिए 7 हजार 14 सूक्ष्म पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। चुनाव आयोग ने 136 सामान्य पर्यवेक्षक, 40 पुलिस पर्यवेक्षक और 150 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। राज्यभर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तीन सौ कंपनियों को तैनात किया गया है, जिनमें 83 हजार से अधिक पुलिसकर्मी और 40 हजार से अधिक गैर-पुलिसकर्मी शामिल हैं। आज तक 1212 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, शराब, नशीले पदार्थ, बहुमूल्य धातुएं और अन्य मूल्यवान वस्तुएं जब्त की गई हैं। इनमें से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर 495 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
वहीं पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार चरम पर है। राज्य में 23 अप्रैल मतदान होगा।