सितम्बर 17, 2025 6:08 अपराह्न

printer

सेवा पखवाड़े के तहत दिल्ली के लिए 16 सौ करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत दिल्ली के लिए 16 सौ करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। त्यागराज स्टेडियम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, श्री शाह ने कहा कि आज शुरू की गई इन योजनाओं से राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने अपना पूरा जीवन देशवासियों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया है। श्री शाह ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में श्री मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हुआ है, अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और गरीबों तक सुविधाएँ पहुँची हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 60 करोड़ लोगों को सुविधाएँ प्रदान की हैं और 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। श्री शाह ने कहा कि देश श्री मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धियों को हमेशा याद रखेगा। आज जिन योजनाओं का उद्घाटन किया गया उनमें दृष्टिबाधित छात्राओं के लिए अटल दृष्टि बालिका छात्रावास, बौद्धिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के लिए अटल आशा गृह, सावित्रीबाई फुले वरिष्ठ नागरिक गृह, अस्पताल ब्लॉक, 101 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 150 डायलिसिस केंद्र और पुलिस व्यवस्था के लिए 75 ड्रोन शामिल हैं। दो अपशिष्ट-से-ऊर्जा संयंत्रों की आधारशिला भी रखी गई।