मार्च 24, 2025 8:56 अपराह्न

printer

सेबी ने विदेशी निवेशकों के लिए निवेश सीमा दोगुना करके 50 हजार करोड़ रुपये की

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने आज विदेशी निवेशकों के लिए निवेश सीमा दोगुना करके 50 हजार करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को स्‍वीकृति दे दी। इसका उद्देश्य बदलते बाजार की गतिशीलता का समाधान करना है।

नवनियुक्त अध्यक्ष तुहिन कांत पांडेय ने बोर्ड की पहली बैठक के बाद कहा कि भारतीय बाजारों में निवेश के लिए 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक रखने वाले विदेशी निवशकों को अब अतिरिक्त खुलासे करने की आवश्यकता होगी।

सेबी ने हाल ही में बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों की जागरूकता बढ़ाने का भी फैसला किया है। इसका उद्देश्य निवेशकों को उचित सलाह मिल सके और गैर-पंजीकृत सलाहकारों द्वारा गुमराह होने से बच सकें।

सेबी अध्यक्ष ने कहा कि गूगल और मेटा की सहायता से 17 हजार से अधिक वित्तीय प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सेबी ने हितों के टकराव, संपत्ति, निवेश और देनदारियों से संबंधित प्रावधानों की व्यापक समीक्षा करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है।