सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने कहा है कि वेव्स ओ टी टी एक अद्भुत मंच है। निकट भविष्य में देश में वीडियो साझा करने के मंच के रूप में इसे विकसित किया जाएगा। पटना में आकाशवाणी से बातचीत में श्री जाजू ने बताया कि दूरदर्शन, आकाशवाणी के अलावा पत्रिका प्रकाशन प्रभाग के सजीव कार्यक्रम भी इस मंच पर उपलब्ध हैं।
अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के पहले दिन श्री जाजू ने पटना में आज दूरदर्शन बिहार में राज्य के मंत्रालय की सभी मीडिया इकाइयों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस यात्रा के दौरान उन्होंने जनता तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने के लिए सभी इकाइयों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। श्री जाजू ने साधारण श्रोताओं और दर्शकों तथा देश के अंतिम छोर तक सूचना की पहुंच सुनिश्चित करने में क्षेत्रीय मीडिया के महत्व पर बल दिया।
श्री जाजू ने दिल्ली दूरदर्शन केंद्र और क्षेत्रीय समाचार इकाई के बजट में अतिरिक्त प्रबंध करने तथा उनकी शक्तियों के विकेंद्रीकरण करने और उन्हें स्वायत्तता प्रदान करने का भी उल्लेख किया।