सितम्बर 15, 2025 10:17 अपराह्न

printer

रेल मंत्रालय ने 1 अक्टूबर से आईआरसीटीसी उपयोगकर्ता के लिए टिकट बुकिंग में आधार प्रमाणन को किया अनिवार्य

रेल मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि अगले महीने की पहली तारीख से सामान्य आरक्षण खुलने के पहले 15 मिनट के दौरान, आरक्षित सामान्य टिकट केवल आधार प्रमाणित उपयोगकर्ता ही आई आर सी टी सी-IRCTC की वेबसाइट और उसके ऐप के माध्यम से बुक कर सकेंगे। वर्तमान में, यह प्रतिबंध केवल तत्काल बुकिंग पर लागू है। मंत्रालय ने कहा कि यह निर्णय यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि आरक्षण प्रणाली का लाभ आम उपयोगकर्ता तक पहुँचे और बेईमान तत्वों द्वारा इसका दुरुपयोग न हो।

    हालाँकि, मंत्रालय ने कहा कि वर्तमान में भारतीय रेलवे के कम्प्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली काउंटरों के माध्यम से सामान्य आरक्षित टिकटों की बुकिंग के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। यह भी कहा कि सामान्य आरक्षण खुलने के दस मिनट के प्रतिबंध के समय में भी कोई बदलाव नहीं होगा। इस दौरान रेलवे के अधिकृत टिकट एजेंटों को पहले दिन आरक्षित टिकट बुक करने की अनुमति नहीं होगी।