रेल मंत्रालय ने पंजाब के फिरोजपुर छावनी से दिल्ली के लिए एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी चलाने का प्रस्ताव रखा है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वर्तमान में पंजाब में पांच वंदे भारत रेलगाडियां चल रही हैं, जो राज्य के सात जिलों में जाती हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ग्यारह वर्षों में पंजाब के रेल बजट में 24 गुना वृद्धि की गई है।
श्री वैष्णव ने बताया कि सरकार ने 443 करोड़ रुपये की लागत वाली राजपुरा-मोहाली नई रेल लाइन को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि राजपुरा और मोहाली के बीच सीधा संपर्क होने से यात्रा की दूरी 66 किलोमीटर कम हो जाएगी। श्री वैष्णव ने कहा कि इससे कपड़ा निर्माण और कृषि जैसे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।