सितम्बर 17, 2025 6:37 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन मंथन 2025 का उद्घाटन करेंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन मंथन 2025 का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन का आयोजन रक्षा संपदा महानिदेशालय द्वारा विकसित भारत के लिए रणनीतिक रोडमैप @2047 विषय पर किया जा रहा है। यह सम्मेलन रक्षा भूमि प्रबंधन की पुनर्कल्पना, उन्नत डिजिटल उपकरणों और प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाने तथा शासन ढाँचे और स्थिरता को सुदृढ़ करने में रक्षा संपदा विभाग की उभरती भूमिका पर केंद्रित होगा। दो दिनों के इस सम्मेलन में रक्षा क्षेत्र में भूमि प्रबंधन के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और क्षेत्र विशेषज्ञों द्वारा कई ज्ञानवर्धक सत्र और व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।

    उद्घाटन सत्र में रक्षा भूमि प्रशासन के क्षेत्र में पिछले एक वर्ष में रक्षा संपदा विभाग की उत्कृष्ट पहलों और उपलब्धियों और 2047 तक विकसित भारत के लिए रणनीतिक रोडमैप पर प्रकाश डालने वाली एक विशेष प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन, भूमि संसाधन विभाग के सचिव मनोज जोशी, भारत के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणि, भारत के उप नियंत्रक और महालेखा परीक्षक सुबीर मलिक सहित अन्य प्रमुख विचारकों और विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए जाएंगे।