कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने भारत कौशल प्रतियोगिता – आईएससी 2025 के लिए पंजीकरण लिंक आज से खोल दिया है। यह द्विवार्षिक प्रतियोगिता देश के सबसे प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान, शिक्षा और उन्हें पुरस्कृत करने के लिए आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य भारतीय युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करने और अपने कौशल तथा विशेषज्ञता का प्रदर्शन करने के लिए तैयार करना है।
इस प्रतियोगिता में 63 कौशल शामिल किए गए हैं, जिसमें सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं। इस प्रतियोगिता के लिए न्यूनतम आयु 16 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित है। साइबर सुरक्षा, मेक्ट्रोनिक्स और विमान रखरखाव जैसे कुछ उन्नत तकनीकी कौशलों के लिए प्रतिभागियों की जन्मतिथि पहली जनवरी 2001 या उसके बाद की होनी चाहिए।
इच्छुक व्यक्ति स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल और www.skillindia digital.gov.in वेबसाइट माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। भारत कौशल प्रतियोगिता में अपना नाम पंजीकृत कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के विजेताओं को विश्व कौशल प्रतियोगिता 2026 और अन्य अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए व्यापक प्रशिक्षण तथा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।