सितम्बर 21, 2025 10:25 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जीएसटी सुधारों से समाज के सभी वर्गों को होगा लाभ

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार नवरात्रि के पहले दिन कल से लागू होंगे। राष्‍ट्र को सम्‍बोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जीएसटी बचत उत्‍सव कल से शुरू होगा। लोग कम कीमत पर अपने पसंद के सामान खरीद सकेंगे। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्र की विकास गाथा इन सुधारों के साथ बदल जाएगी। युवा, नव मध्‍यम वर्ग, किसानों, महिलाओं, दुकानदारों, व्‍यापारियों और उद्यमियों को इस बचत उत्‍सव से बहुत लाभ होगा। उन्‍होंने कहा कि हर राज्‍य राष्‍ट्र के विकास की यात्रा में एक समान साझेदार होगा। प्रधानमंत्री ने अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों, बचत उत्‍सव और नवरात्रि के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्र नवरात्रि के पहले दिन आत्‍मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम उठा रहा है।

 

             प्रधानमंत्री ने कहा कि आम नागरिक और व्‍यापारी दशकों से चुंगी, प्रवेश कर, बिक्री कर, आबकारी, वेट और सेवा कर सहित विभिन्‍न करों के जटिल जाल में फंसे हुए थे। उन्‍होंने कहा कि वस्‍तुओं को एक शहर से दूसरे शहर में ले जाने के लिए अनेक रूकावटों का सामना करना पडता था, कई तरह के फॉर्म भरने होते थे और हर स्‍तर पर अलग-अलग कर नियमों के जाल से गुजरना पडता था। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने कर प्रणाली को सरल बनाया है। उन्‍होंने बताया कि 2014 में सत्ता में आने के बाद राज्‍यों और हितधारकों से परामर्श के बाद सरकार ने वस्‍तु और सेवाकर को वरीयता दी। श्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नई कर संरचना के तहत केवल पांच प्रतिशत और 18 प्रतिशत कर दरें रहेंगी। उन्‍होंने कहा कि आवश्‍यक वस्‍तुएं, दवाईयां, जीवन बीमा और स्‍वास्‍थ्‍य बीमा जैसे उत्‍पाद कर मुक्‍त होंगे या उन पर पांच प्रतिशत कर लगेगा। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि एक राष्‍ट्र- एक कर का सपना पूरा हो गया है।

 

प्रधानमंत्री ने प्रसन्‍नता व्‍यक्त करते हुए कहा कि पिछले बारह वर्षों में 25 करोड़ लोग निर्धनता से उबरे हैं। उन्‍होंने कहा कि इस वर्ष सरकार ने 12 लाख रुपये तक की आमदनी को कर से राहत प्रदान की, ताकि मध्‍यम वर्ग के जीवन में व्‍यापक सुगमता और सरलता लाई जा सके। उन्‍होंने कहा कि नए मध्‍यम वर्ग की अपनी आकांक्षाएं हैं। उन्‍होंने कहा कि उनके कर बोझ को आसान बनाने के लिए सरकार ने कदम उठाए हैं। मध्‍यम वर्ग के लोगों को दोहरा फायदा होगा। अब उन्‍हें सामानों और वाहनों के लिए कम खर्च करना पड़ेगा। श्री मोदी ने कहा कि होटल में ठहरने की कीमत में कमी आने से पर्यटन भी कम खर्चीला होगा।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी सुधारों के प्रति दुकानदारों की प्रतिक्रिया पर खुशी जाहिर की। उन्‍होंने कहा कि दुकानदार जीएसटी में कमी का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अनेक स्‍थानों पर सुधारों से पहले और सुधारों के बाद वस्‍तुओं के दामों में अंतर दर्शाने वाले बोर्ड प्रमुखता से लगाये गये हैं।

 

प्रधानमन्‍त्री ने कहा कि उनकी सरकार नागरिक देवो भव: के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। श्री मोदी ने कहा कि भारत में विनिर्माण के लिए भी अच्‍छे प्रबंध किए गए हैं। उन्‍होंने इस बात पर बल दिया कि विनिर्माण क्षेत्र को गरिमा और उत्‍कृष्‍टता के साथ सभी बेंचमार्क पार करने चाहिए और भारतीय उत्‍पादों की गुणवता से राष्‍ट्र की पहचान और प्रतिष्‍ठा अवश्‍य बढनी चाहिए।

 

प्रधानमंत्री ने प्रत्‍येक परिवार का आह्वान किया कि वह स्‍वदेश का प्रतीक बने और प्रत्‍येक दुकान स्‍वदेशी सामान से सुसज्जित हो। उन्‍होंने सभी राज्‍य सरकारों से अपील की कि वे आत्‍मनिर्भर भारत और स्‍वदेशी अभियान में सक्रिय सहायता प्रदान करें और अपने-अपने क्षेत्रों में विनिर्माण को बढावा दें। उन्‍होंने कहा कि जब केंद्र और राज्‍य मिलकर आगे बढेंगे तो आत्‍मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।