गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि हिंदी देश की भाषाओं और बोलियों के बीच सेतु का काम करती है। आज हिंदी दिवस पर शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि हिंदी राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देती है और प्रौद्योगिकी, विज्ञान तथा अनुसंधान की भाषा के रूप में भी उभर रही है। गृहमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से सरकारी कामकाज में हिंदी का उपयोग लगातार बढ़ा है। गृहमंत्री शाह ने कहा कि पिछले वर्ष हिंदी दिवस पर, सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में अनुवाद सुनिश्चित करने के लिए भारतीय भाषा अनुभाग की स्थापना की गई थी। गृह मंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया, ई-गवर्नेंस, यांत्रिक मेधा और मशीन लर्निंग के इस युग में, केंद्र सरकार भारतीय भाषाओं को भविष्य के लिए सक्षम बना रही है।
गृहमंत्री शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि हिंदी सभी भाषाओं को साथ लेकर एक विकसित और भाषाई दृष्टि से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।