कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केंद्र सरकार ने पिछले दस वर्षों में किसानों की आय और खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के लिए अनेक उपाय किए हैं। श्री चौहान आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में खाद्यान्न उत्पादन 2013-2014 के 246 मिलियन टन से बढ़कर अब 353 मिलियन टन हो चुका है। कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि दालों का उत्पादन भारत में 2013-2014 के 16 मिलियन टन से बढ़कर 25 मिलियन टन से अधिक हो गया है।
श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए छह उपाय किए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें उत्पादन बढ़ोतरी, लागत में कमी, नुकसान की भरपाई और उपज का उचित मूल्य प्रदान करना शामिल है। किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र का बजट भी यूपीए सरकार के 27 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर एनडीए सरकार के तहत एक लाख 27 हजार करोड़ रुपये हो गया है।