भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने एफएम रेडियो चैनल की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्यों पर अपनी सिफारिशें जारी की हैं। प्राधिकरण ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एफएम रेडियो चैनलों की नीलामी का आरक्षित मूल्य 83 लाख रुपये, ओडिशा के राउरकेला के लिए एक करोड़ 20 लाख रुपये और उत्तराखंड के रुद्रपुर के लिए 97 लाख रुपये होना चाहिए। प्राधिकरण ने यह भी कहा है कि श्रेणी-ई के शहरों में एफएम रेडियो चैनलों की नीलामी का आरक्षित मूल्य तीन लाख 75 हजार रुपये होना चाहिए।
इससे पहले, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने निजी एफएम रेडियो के विस्तार के लिए हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में श्रेणी-ई के 18 शहरों और कस्बों में एफएम रेडियो चैनलों की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य पर प्राधिकरण की सिफारिशें मांगी थीं।
एफएम रेडियो संचालकों की वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए, प्राधिकरण ने कई उपायों की सिफारिश की है। प्राधिकरण ने कहा है कि निजी एफएम रेडियो संचालकों को समाचार और समसामयिक विषयों पर आधारित कार्यक्रम प्रसारित करने की अनुमति दी जानी चाहिए।