सितम्बर 23, 2025 6:24 पूर्वाह्न

printer

असैन्य परमाणु ऊर्जा पर भारत-फ्रांस विशेष कार्यबल की दूसरी बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई

असैन्य परमाणु ऊर्जा पर भारत-फ्रांस विशेष कार्यबल की दूसरी बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश सचिव विक्रम मिस्री और फ्रांस में यूरोप और विदेश मामलों के मंत्रालय की महासचिव ऐन-मैरी डिकोट ने की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस दौरान दोनों पक्षों ने पिछले वर्ष हुई विभिन्‍न बैठकों और परामर्शों के माध्यम से हुई प्रगति की व्यापक समीक्षा की। दोनों पक्षों में द्विपक्षीय असैन्य परमाणु सहयोग के प्रमुख पहलुओं पर संपर्क में रहने पर सहमति बनी। उन्होंने छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों और उन्नत मॉड्यूलर रिएक्टरों जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में सहभागिता के महत्व की पुनः पुष्टि की। इस वर्ष फरवरी में दोनों देशों ने उन्नत और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों पर साझेदारी के लिए हस्‍ताक्षर किए थे।

 

मंत्रालय ने बताया कि विदेश सचिव और महासचिव ने द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत करने पर चर्चा की। रूस-यूक्रेन संघर्ष और पश्चिम एशिया क्षेत्र के घटनाक्रमों सहित महत्वपूर्ण वैश्विक तथा क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए।